
हूल दिवस के अवसर पर मंगलवार को ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक सविता महतो ने झामुमो नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ चांडिल गोलचक्कर स्थित वीर शहीद सिदो-कान्हु की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने चौका के टुईटुंगरी मोड़ स्थित वीरांगना फूलो-झानो की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया। वहीं नीमडीह प्रखंड के पाढ़कीडीह तथा कुकड़ू प्रखंड के सिंदूरपुर और हाईतिरुल गांव में स्थापित वीर शहीद सिदो-कान्हु की प्रतिमाओं पर भी श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया। इस दौरान सिंदूरपुर में विधायक सविता महतो ने वीर शहीद सिदो-कान्हुके आदमकद मूर्ति का अनावरण किया। इस अवसर पर विधायक सविता महतो ने कहा कि वीर शहीदों का बलिदान कभी व्यर्थ नहीं जाएगा। उनके सपनों का झारखंड बनाने के लिए हम सभी को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि 30 जून 1855 को जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा शोषण और अत्याचार के खिलाफ अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध हूल विद्रोह का बिगुल फूंकने वाले अमर वीर शहीद सिदो-कान्हु, चांद-भैरव, फूलो-झानो सहित हजारों शहीदों का बलिदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने सभी वीर शहीदों को हूल जोहार अर्पित करते हुए कहा कि झारखंड के वीर सपूतों का संघर्ष आने वाली पीढ़ियों को न्याय, स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रेरित करता रहेगा। इस मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी नितिन शिवम गुप्ता, डीएसपी शिव प्रकाश कुमार, बीडीओ तालेश्वर रविदास, जिला परिषद सदस्य पिंकी लायेक, झामुमो केंद्रीय सदस्य चारु चांद किस्कू, ओम प्रकाश लायेक, काबलू महतो, जिला सचिव बैद्यनाथ टुडू, प्रखंड अध्यक्ष कृष्णा किशोर महतो, सचिन गोप, कित्तीवास महतो, अरुण टुडू, धर्मु गोप, अर्जुन सिंह मुंडा, समर भुईयां, अजीत सिंह मुंडा, श्रीकांत महतो, नव किशोर हांसदा सहित बड़ी संख्या में झामुमो नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
