तिरुलडीह पंचायत भवन में रामन्या प्रतिभा छात्रवृत्ति परीक्षा का भव्य सम्मान समारोह संपन्न, 250 मेधावी बच्चे सम्मानित

सरायकेला/झारखंड

​कुकरू प्रखंड के त्रिलूडीह पंचायत भवन में जुटे सरायकेला-खरसावां के सफल छात्र-छात्राएं और अभिभावक।

​जिला उपाध्यक्ष श्रीमती मधुश्री महतो, पूर्व उपाध्यक्ष श्री अशोक साव, प्रमुख श्रीमती प्रतिमा सिंह पातर और उप प्रमुख अरमान अंसारी ने बढ़ाया बच्चों का हौसला।

​सफल छात्रों को मिला मोबाइल टैबलेट, नगद छात्रवृत्ति, सम्मान पत्र और 1 साल की निःशुल्क ऑनलाइन शिक्षा का तोहफा।

​कुकरू/सरायकेला-खरसावां, 08 जुलाई 2026: आज सरायकेला-खरसावां जिले के कुकरू प्रखंड अंतर्गत त्रिलूडीह पंचायत के पंचायत भवन में ‘रामन्या फाउंडेशन’ के तत्वावधान में “रामन्या प्रतिभा छात्रवृत्ति परीक्षा” के भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस गौरवशाली समारोह में क्षेत्र के विभिन्न प्रखंडों के सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों के लगभग 250 सफल छात्र-छात्राएं अपने अभिभावकों के साथ शामिल हुए, जिन्हें उनकी इस शानदार सफलता के लिए मुख्य अतिथियों द्वारा मंच पर पुरस्कृत किया गया।
​मुख्य अतिथियों ने बढ़ाया बच्चों का हौसला
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला उपाध्यक्ष श्रीमती मधुश्री महतो, पूर्व उपाध्यक्ष श्री अशोक साव, प्रमुख श्रीमती प्रतिमा सिंह पातर एवं उप प्रमुख श्री अरमान अंसारी उपस्थित थे। सभी सम्मानित अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ किया। अपने संबोधन में अतिथियों ने बच्चों की प्रतिभा की जमकर सराहना की और कहा कि सरायकेला-खरसावां और कुकरू जैसे ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों की प्रतिभा को निखारने के लिए ‘रामन्या फाउंडेशन’ का यह प्रयास बेहद सराहनीय है।
​पुरस्कार पाकर खिले मेधावियों के चेहरे
समारोह के दौरान गणमान्य अतिथियों एवं संस्था के निदेशक श्री राम सिंह तथा अनुराधा सिंह के हाथों सभी 250 सफल बच्चों के बीच मोबाइल टैबलेट, सम्मान पत्र और छात्रवृत्ति राशि प्रदान की गई। इसके साथ ही बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए संस्था द्वारा कक्षा 6 से 10वीं तक के विद्यार्थियों के लिए “1 साल की फ्री ऑनलाइन क्लासेस” की शुरुआत की गई, जिससे बच्चे घर बैठे डिजिटल माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पा सकेंगे।
​अनुशासन और निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी: निदेशक
संस्था के निदेशक ने सभी सफल बच्चों को बधाई देते हुए कहा कि आज का युग प्रतियोगिता का है। बच्चों में प्रतिस्पर्धा की भावना का होना जरूरी है, लेकिन इसके साथ ही जीवन में अनुशासन और बिना रुके लगातार प्रयास करते रहना सबसे महत्वपूर्ण है। संस्था का उद्देश्य हर प्रतिभावान बच्चे को आगे बढ़ने का समान अवसर देना है।
​इन्होंने निभाई सफल आयोजन में मुख्य भूमिका
इस पूरे कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में संस्था के योजना प्रमुख श्री राजकिशोर भगत ने मुख्य भूमिका निभाई, जिन्होंने मंच संचालन करते हुए सभी सफल बच्चों को क्रमवार मंच पर आमंत्रित कर सम्मानित करवाया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रधानाचार्य श्री लखन महतो और प्रखंड कोऑर्डिनेटर श्री अमर नाथ पाण्डेय का महत्वपूर्ण एवं सराहनीय सहयोग रहा। साथ ही योजना प्रबंधक शम्भू कुमार, जीतेन्द्र कुमार एवं पूरी रामन्या फाउंडेशन टीम ने इस ग्रामीण क्षेत्र में आयोजन को सफल बनाने में अपना विशेष योगदान दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!