सरायकेला जिला समाहरणालय में अंतराष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम


अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर समाहरणालय सभागार, सरायकेला में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में माननीया सांसद, सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र श्रीमती जोबा मांझी मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ माननीया सांसद, सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र श्रीमती जोबा मांझी, उप विकास आयुक्त सुश्री रीना हांसदा, सरायकेला–खरसावाँ विधानसभा के विधायक प्रतिनिधि श्री सानंद आचार्य, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती सत्या ठाकुर, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा श्रीमती निवेदिता राय तथा सेविकाओं द्वारा सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम मे सभी CDPO, महिला प्रवेक्षिका, विभिन्न क्षेत्र की सेविकाए तथा अन्य सम्बन्धित विभागीय पदाधिकारी/कर्मी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती सत्या ठाकुर द्वारा स्वागत संबोधन प्रस्तुत करते हुए कार्यक्रम में उपस्थित माननीया सांसद, उप विकास आयुक्त सहित अन्य अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं के अधिकार, सम्मान एवं समान भागीदारी के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने जिले में महिला सशक्तिकरण, बालिका शिक्षा, पोषण, सुरक्षा तथा बाल विवाह उन्मूलन से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन की आवश्यकता पर बल दिया तथा कहा कि समाज के सभी वर्गों के सहयोग से महिलाओं के समग्र विकास एवं सशक्तिकरण की दिशा में सार्थक पहल संभव है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त सुश्री रीना हांसदा ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में माननीया सांसद की गरिमामयी उपस्थिति के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि यह दिवस पूर्णतः महिलाओं को समर्पित है तथा राष्ट्र एवं समाज के निर्माण और विकास में महिलाएं पुरुषों के साथ कदम से कदम मिलाकर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि समान अधिकार एवं सम्मान सुनिश्चित करने के लिए समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर कार्य करने की आवश्यकता है। महिलाओं को सशक्त, जागरूक एवं पोषण के प्रति संवेदनशील बनाने के लिए महिला एवं पुरुष दोनों को मिलकर प्रयास करना होगा। वर्तमान समय में महिलाएं घर की जिम्मेदारियों के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण, समाज विकास, नीति निर्धारण, राजनीति, शिक्षा तथा स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर रही हैं।

अपने संबोधन में माननीया सांसद, सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र श्रीमती जोबा मांझी ने समस्त राज्यवासियों को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई देते हुए कहा कि समाज के समग्र विकास के लिए महिलाओं का सशक्तिकरण अत्यंत आवश्यक है तथा महिलाओं के योगदान को राष्ट्र निर्माण एवं समाज विकास में और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए सभी वर्गों को एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने बाल विवाह की समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जागरूकता के अभाव में कम उम्र में बालिकाओं का विवाह कर दिया जाता है, जिससे वे शिक्षा एवं अपने अधिकारों से वंचित रह जाती हैं। साथ ही कम उम्र में विवाह होने से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

उन्होंने कहा कि बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने के लिए समाज के सभी वर्गों को आपसी समन्वय के साथ सक्रिय भूमिका निभानी होगी। इसके लिए नियमित रूप से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए तथा विभिन्न माध्यमों से बाल विवाह के दुष्परिणामों से संबंधित संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाना चाहिए, ताकि बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में प्रभावी पहल सुनिश्चित हो सके।

इस अवसर पर माननीया सांसद, सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र श्रीमती जोबा मांझी द्वारा बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण हेतु उपस्थित जनसमूह को शपथ भी दिलाई गई।

कार्यक्रम के अंत में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली सेविकाओं तथा सखी वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!