सरायकेला/झारखंड

सरायकेला-खरसावां पुलिस ने फर्जी नाम से मोबाइल कॉल कर 50 हजार रुपये की मांग करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में कांड्रा थाना कांड संख्या 09/2026, दिनांक 24 मई 2026 को धारा 308(4) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
जानकारी के अनुसार 22 मई 2026 को झारखंड ग्रामीण बैंक, कांड्रा शाखा के मैनेजर को मोबाइल नंबर 7549316946 से कॉल कर रवि लोहार के नाम से 50 हजार रुपये की मांग की गई थी। कॉल करने वाले ने कहा कि वह सरायकेला जेल में बंद है और जमानत के लिए वकील को पैसे देने हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान 25 मई 2026 को पुलिस ने जमशेदपुर के मानगो बस स्टैंड के पास से आरोपी प्रदीप मुंडा (38 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र का रहने वाला है तथा वर्तमान में पश्चिम बंगाल के कोलकाता में रहकर एक निजी कंपनी में कार्यरत था।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसके पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी का पूर्व में भी कई आपराधिक मामलों में संलिप्तता रही है। उसके खिलाफ कांड्रा एवं सितारामडेरा थाना में धोखाधड़ी और अन्य धाराओं के तहत कई मामले दर्ज हैं।
छापेमारी दल में थाना प्रभारी कांड्रा फणीन्द्र कुमार शर्मा, पुअनि सत्यपाल उरांव, पुअनि नरेश कुमार सिंह, पुअनि राससिंग शुक्ला सहित कांड्रा थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
