प्रखंड प्रमुख की अध्यक्षता में प्रखंड जल एवं स्वच्छता समिति, कुकड़ू की मासिक समीक्षा बैठक हुई सम्पन्न, जलापूर्ति योजनाओं एवं ODF Plus की प्रगति की हुई समीक्षा

सरायकेला/झारखंड

आज प्रखंड प्रमुख, कुकड़ू की अध्यक्षता में प्रखंड जल एवं स्वच्छता समिति, कुकड़ू की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत संचालित एवं पूर्ण हो चुकी जलापूर्ति योजनाओं तथा ODF Plus के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की प्रगति एवं वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ एवं निर्बाध बनाए रखने के उद्देश्य से विभिन्न बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। विशेष रूप से उन चापाकलों की स्थिति की समीक्षा की गई, जिनके पाइप जर्जर हो चुके हैं अथवा जिनका बोर धंस गया है। ऐसे चापाकलों को प्राथमिकता के आधार पर प्रतिस्थापित किए जाने का सुझाव दिया गया, ताकि प्रभावित क्षेत्रों में आमजन को सुचारु पेयजल सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
साथ ही साधारण मरम्मति योग्य खराब चापाकलों की सूची संबंधित विभागों से उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया, ताकि भीषण गर्मी को दृष्टिगत रखते हुए उनकी शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित की जा सके। बैठक में जलापूर्ति योजनाओं के नियमित अनुरक्षण, गुणवत्तापूर्ण संचालन तथा समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया गया।

अध्यक्षीय संबोधन में प्रखंड प्रमुख द्वारा संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित किया गया कि पेयजल एवं स्वच्छता से संबंधित योजनाओं का नियमित अनुश्रवण करते हुए आमजन को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पेयजल से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान तथा जलापूर्ति योजनाओं के प्रभावी संचालन के लिए सभी संबंधित विभाग समन्वित रूप से कार्य करें, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल उपलब्धता एवं स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।

बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी राजश्रीं बखला, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, आकांक्षी प्रखंड फेलो , कनीय अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, कुकड़ू, बीपीएम, जेएसएलपीएस, प्रखंड प्रभारी पंचायती राज पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिका, प्रखंड वाश कोऑर्डिनेटर सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!