
सरायकेला/झारखंड
ईचागढ़ प्रखंड अंतर्गत दिनांक 11 जून, 2026 को “खेत बचाओ अभियान” के तहत विशेष किसान जागरूकता सह ऋण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य किसानों को समय पर संस्थागत कृषि ऋण, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) की उपलब्धता तथा फसल बीमा योजनाओं के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें अनौपचारिक ऋण स्रोतों के शोषण से बचाना था।
शिविर के दौरान किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई तथा उनके आवेदन प्रपत्र भरवाए गए। साथ ही “कृषिका ऐप” के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया का भी प्रदर्शन कर किसानों को डिजिटल माध्यम से आवेदन करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम में वित्तीय साक्षरता पर विशेष जोर देते हुए सीएफएल टीम द्वारा किसानों को बचत की आदत विकसित करने, घरेलू बजट प्रबंधन, डिजिटल लेन-देन, यूपीआई के सुरक्षित उपयोग तथा साइबर धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
शिविर के दौरान विभिन्न बैंकों द्वारा प्राप्त 28 किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई तथा आगामी 15 दिनों के भीतर इन आवेदनों के निष्पादन का आश्वासन दिया गया। इसके अतिरिक्त ऋण चूक (डिफॉल्ट) की स्थिति वाले किसानों को वन टाइम सेटलमेंट (OTS) योजना के संबंध में भी जानकारी उपलब्ध कराई गई।
इस अवसर पर अग्रणी जिला प्रबंधक ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे “खेत बचाओ अभियान” से जुड़कर समय पर बैंक ऋण प्राप्त करें, अपनी फसलों का बीमा कराएं तथा अनौपचारिक साहूकारों एवं गैर-संस्थागत ऋण स्रोतों के चंगुल से बचते हुए संस्थागत बैंकिंग सेवाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र की समृद्धि एवं किसानों की आर्थिक सुरक्षा के लिए बैंकिंग एवं बीमा सेवाओं का अधिकतम उपयोग आवश्यक है।
कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी, अग्रणी जिला प्रबंधक, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में किसान भाई-बहनों ने भाग लिया।
