
सरायकेला/झारखंड
सरायकेला जिले के कुकड़ू प्रखंड सह अंचल सभागार में कुपोषण से लड़ाई को मजबूत करने के लिए सेक्टर स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बीडीओ सह प्रभारी सीओ राजश्री ललिता बाखला ने की। इस अवसर पर रिम्स रांची के राज्य उत्कृष्टता केंद्र की विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. मनीषा कुजूर और डॉ. एस.एन. रजनीश ने आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं संबंधित कर्मियों को कुपोषण प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। प्रशिक्षण में कुपोषित बच्चों की पहचान, भूख की जांच, चिकित्सकीय जटिलताओं का आकलन तथा आवश्यकता अनुसार पोषण उपचार केंद्र में भर्ती या सामुदायिक स्तर पर देखभाल की प्रक्रिया समझाई गई। इसके साथ ही समुदाय आधारित प्रबंधन कार्यक्रम के 11 चरणों- सामुदायिक सक्रियता से लेकर उपचार, परामर्श, अनुवर्ती कार्रवाई और डिस्चार्ज के बाद निगरानी तक- पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में पोषण ट्रैकर, शिशु स्वास्थ्य एवं सेवाओं की प्रभावी निगरानी को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में कुपोषण की समस्या का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
